सेम्फोर्ड स्कूल में सोमवार को होगा वार्षिकोत्सव कार्यक्रम
मीरजापुर। सेमफोर्ड स्कूल नटवा में शुक्रवार को वार्षिक उत्सव “पालनहार” के आयोजन को लेकर एक प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रबंधक ई. विवेक बरनवाल ने बताया कि सेमफोर्ड स्कूल बसही में दिनांक 21 दिसंबर 2025 दिन सोमवार को प्रातः दस बजे से विद्यालय का वार्षिक उत्सव “पालनहार” 2025 भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन राज्य मंत्री, स्वतंत्र प्रभार डॉ. दया शंकर मिश्र ‘दयालु’ होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में पिछड़ा आयोग के उपाध्यक्ष दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री सोहन श्रीमाली, नगर विधायक पंडित रत्नाकर मिश्रा, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी तथा क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
विद्यालय की प्रबंधिका शिप्रा बरनवाल ने वार्षिक उत्सव की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए अभिभावकों के लिए लागू की गई विशेष छात्रवृत्ति योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले से अध्ययनरत छात्र के दूसरे भाई-बहन के प्रवेश पर प्रवेश शुल्क में 100 प्रतिशत छूट सहित अन्य कई लाभ दिए जाएंगे। इस अवसर पर नटवा शाखा की प्रधानाचार्या श्वेता मेहरोत्रा खत्री एवं बसही शाखा के प्रभारी प्रधानाचार्य श्री संतोष कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
