केशव प्रसाद मौर्य ने अखिलेश यादव पर कसा तंज, PDA को बताया ‘पारिवारिक विकास एजेंसी’

0 minutes, 1 second Read
Spread the love

लखनऊ  उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को समाजवादी पार्टी (सपा) और इसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा के ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नारे को ‘पारिवारिक विकास एजेंसी’ करार देते हुए अखिलेश यादव को इसका ‘प्रमुख’ और उनके परिवार को ‘सदस्य’ बताया। मौर्य गोंडा जिले में थे, जहां उन्होंने पूर्व मंत्री और मनकापुर रियासत के पूर्व राजा स्वर्गीय कुंवर आनंद सिंह को श्रद्धांजलि दी और उनके बेटे, केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री व सांसद कीर्तिवर्धन सिंह से मुलाकात कर शोक प्रकट किया। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने यह बयान दिया।

मौर्य ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2027 में प्रचंड बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा या कांग्रेस चाहे गठबंधन करें या अलग-अलग लड़ें, उनका परिणाम 2017 जैसा ही होगा। मौर्य ने सपा पर गुंडों, अपराधियों और माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसी पार्टी का कोई भविष्य नहीं है।

अखिलेश पर व्यक्तिगत हमला
मौर्य ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के नेताओं को बर्दाश्त नहीं करते और इसीलिए उनसे (मौर्य से) डरते हैं। खुद को गरीब किसान परिवार का बेटा बताते हुए मौर्य ने कहा कि वे कार्यकर्ता से उपमुख्यमंत्री बने हैं, जिसके कारण अखिलेश उनका राजनीतिक कद देखकर घबराते हैं। उन्होंने अखिलेश को अहंकारी बताते हुए उनकी भाषा को निम्न स्तर का करार दिया और कहा कि इतिहास में उनका यह रवैया दर्ज होगा।

कुंवर आनंद सिंह को श्रद्धांजलि
मौर्य ने स्वर्गीय कुंवर आनंद सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन समाज सेवा और किसान कल्याण के लिए समर्पित था। चार बार सांसद और कई बार विधायक रहे आनंद सिंह का 7 जुलाई को लखनऊ में निधन हो गया था। मौर्य ने गोंडा में विकास कार्यों की समीक्षा की और प्रशासन द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

सत्ता में थे तो सिर्फ तुष्टीकरण किया
बहराइच में भाजपा विधायक अनुपमा जायसवाल की सास के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे मौर्य ने अखिलेश पर तंज कसते हुए कहा कि 2012 से 2017 तक सत्ता में रहते हुए उन्हें न तो पिछड़ों की चिंता थी, न दलितों की और न ही अगड़ों की। उस दौरान उनकी सरकार केवल तुष्टीकरण और गुंडागर्दी की राजनीति तक सीमित थी।

2027 में भी हार का दावा
मौर्य ने कहा कि सत्ता से बाहर होने के कारण अखिलेश और उनके समर्थक माफिया उसी तरह तड़प रहे हैं, जैसे पानी के बिना मछली। उन्होंने दावा किया कि 2027 में भाजपा 2017 जैसा प्रदर्शन दोहराएगी और अखिलेश की हताशा बनी रहेगी। बिहार विधानसभा चुनाव के बारे में मौर्य ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) वहां ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगा, जैसा कि महाराष्ट्र, हरियाणा और दिल्ली में हुआ।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *