खानपुर में तीन दिवसीय स्वर्णिम भारत नवनिर्माण आध्यात्मिक प्रदर्शनी का आयोजन: दिया जा रहा स्वर्णिम भारत की पुनर्स्थापना का दिव्य संदेश

Spread the love

*खानपुर में तीन दिवसीय स्वर्णिम भारत नवनिर्माण आध्यात्मिक प्रदर्शनी का आयोजन: दिया जा रहा स्वर्णिम भारत की पुनर्स्थापना का दिव्य संदेश*

समस्तीपुर-खानपुर प्रखंड के अंतर्गत प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, समस्तीपुर के द्वारा स्थानीय दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित तीन दिवसीय स्वर्णिम भारत नवनिर्माण आध्यात्मिक प्रदर्शनी एवं राजयोग मेडिटेशन शिविर का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलन द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय कुमार चंद्रा, अंचलाधिकारी मनीष कुमार, समस्तीपुर से पधारी बीके सविता बहन, बीके ओमप्रकाश भाई ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बीके सविता बहन ने कहा कि स्वर्णिम भारत का सपना साकार करने के लिए स्वयं पारसनाथ निराकार परमपिता परमात्मा शिव इस धरा पर अवतरित होकर पारस के समान सत्य ज्ञानामृत का सभी मनुष्य आत्माओं को रसपान करा रहे हैं। इस दिव्य एवं श्रेष्ठ ज्ञान का स्पर्श आत्मा की त्रिशक्तियों मन, बुद्धि और संस्कार को होते ही उनकी विकृति मिटती जाती है। इससे हमारे विचार, वाणी, व्यवहार, स्मृति और संस्कार स्वर्णिम अर्थात् उत्कृष्ट बनते जाते हैं। यही परिवर्तन स्वर्णिम भारत की आधारशिला बनता है। स्व परिवर्तन से विश्व परिवर्तन होता है।

बीके ओमप्रकाश भाई ने अपने संबोधन में कहा कि हर कोई अपना जीवन तनावमुक्त, व्यसनमुक्त, खुशनुमा एवं सफल बनाना चाहता है। इस आयोजन के द्वारा दिए जा रहे बेशकीमती ज्ञान-रत्नों में से आगंतुक जिज्ञासु यदि एक ज्ञान-रत्न को भी अपने जीवन का हिस्सा बना लें तो वे अपना ऐसा जीवन सहज ही बना सकते हैं। साथ ही औरों के लिए भी अपना जीवन प्रेरणास्रोत बना सकते हैं। ऐसे अनमोल परमात्म-ज्ञान को एक-एक खानपुर वासी तक पहुंचाने हेतु इस कार्यक्रम का वृहद् आयोजन किया गया है। पिछले तीन दिनों से प्रचार-वाहन द्वारा उद्घोषणा एवं आमंत्रण पत्र के द्वारा प्रखंड के गांव-गांव, घर-घर में लोगों को इस आयोजन की सूचना प्रदान की गई है।

प्रखंड विकास पदाधिकारी ने इस आयोजन के लिए संस्थान की सराहना की और इसके द्वारा लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन की शुभ आश व्यक्त की

अंचलाधिकारी ने भी अपनी शुभकामनाएं व्यक्त की।

सविता बहन ने उपस्थित आगंतुक अतिथियों को प्रदर्शनी पर समझाया एवं अंत में सभी को ईश्वरीय सौगात प्रदान की गई।

मुख्य रूप से उप प्रमुख अमरेंद्र कुमार राय, अरुण कुमार सिंह, मंदिर सचिव तरूण कुमार पाठक, कोषाध्यक्ष सीताराम महतो, पंचायत सेवक अशोक कुमार तिवारी, पूर्व भाजपा अध्यक्ष सुरेश शर्मा, अरविंद कुमार, दिनेश राय सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।

यह आयोजन रविवार तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से संध्या 6:00 बजे तक प्रखंड के दुर्गा मंदिर परिसर में जारी रहेगा। शनिवार से अपराह्न 2:00 बजे से शुरू हो रहे सात दिवसीय राजयोग मेडिटेशन शिविर के लिए भी निःशुल्क नामांकन जारी है।समस्तीपुर से ब्यूरो चीफ परशुराम कुमार की रिपोर्ट

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *