सेम्फोर्ड स्कूल में भव्य वार्षिकोत्सव पालनहार कार्यक्रम का आयोजन
मीरजापुर। सेम्फोर्ड स्कूल द्वारा बसहीं ब्रांच में आयोजित वार्षिक समारोह “पालनहार–2025” भव्यता, अनुशासन और सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। शिक्षा को पुस्तकों से आगे बढ़ाकर संस्कार, संवेदना और सामाजिक उत्तरदायित्व से जोड़ने वाले इस आयोजन ने विद्यालय, अभिभावक और समाज के बीच सशक्त सहभागिता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक परंपरा के अनुसार माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार आयुष एवं खाद्य सुरक्षा दया शंकर मिश्र दयालु, व विशिष्ट अतिथियों में पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केशरी, क्षेत्राधिकारी सदर अमर बहादुर उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रबंधक विवेक बरनवाल व शिप्रा बरनवाल मंचासीन रहे सभी अतिथियों का बैज अलंकरण, पुष्पगुच्छ व स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। विद्यालय के वार्षिक रिपोर्ट प्रभारी प्रधानाचार्य संतोष कुमार सिंह ने प्रस्तुत किया, जिसमें शैक्षिक उपलब्धियों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं का विवरण दिया गया। इसके बाद छात्रों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों—“जागो कृष्ण कन्हैया जागो”, “अन्नदाता धरती का पालनहार”, ओडिसी नृत्य, नृत्य-नाटिकाएँ एवं नरसिंह अवतार पर आधारित नाटक—ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।
समारोह में सक्रिय व सहयोगी अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली और मूल्यों पर आधारित शिक्षण की सराहना की। धन्यवाद ज्ञापन नटवा ब्रांच की प्रिंसिपल श्वेता मेहरोत्रा खत्री ने किया। समारोह में विद्यालय परिवार व अभिभावकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
