जगनेर के सिंगाइच में 25 लाख की चोरी से सनसनी,कई बिंदुओं पर पुलिस कर रही जांच

वंश नीत
आगरा संवाददाता बहादुर सिंह
जगनेर (आगरा)। थाना जगनेर क्षेत्र के सिंगाइच गांव में 25 लाख रुपये की चोरी की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि रविवार देर रात अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और बंद कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखी 25 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में सनसनी फैल गई,
*रात के अंधेरे में वारदात, सुबह मची अफरातफरी*
गृहस्वामी रामू परमार के अनुसार, वह आगरा के आवास विकास सेक्टर तीन में रहते हैं उनकी पत्नी रानू उर्फ पूजा गांव में उसके बच्चे, के साथ कमरे में सो रही थी। चाचा मोहन सिंह तथा दादी फूलवती एक कमरे में सो रहे थे। आरोप है कि रविवार देर रात करीब चार बदमाश घर में दाखिल हुए और बंद कमरे का ताला तोड़कर अलमारी में रखी 25 लाख रुपये की नकदी समेट ले गए। सुबह घटना का पता चलते ही परिवार के होश उड़ गए और गांव में अफरातफरी का माहौल बन गया।
*पुलिस की जांच में उठे कई सवाल*
मामले की जांच कर रही पुलिस को घटनाक्रम में कई ऐसे बिंदु मिले हैं, जिनसे संदेह की स्थिति उत्पन्न हो रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में परिवार की ओर से रात में किसी प्रकार की चोरी या वारदात से इनकार किया गया था, जबकि सुबह अचानक बड़ी चोरी होने की बात सामने आई। बयानों में सामने आए इस विरोधाभास ने जांच को नई दिशा दे दी है।
*हर एंगल से जाँच पड़ताल, जल्द हो सकता है खुलासा*
पुलिस का कहना है कि घटना की गंभीरता को देखते हुए परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों तथा अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। चोरी की रकम, घटना के समय और परिस्थितियों की भी बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही मामले की वास्तविकता सामने लाई जाएगी।
*ग्रामीणों में चर्चा, पुलिस के सामने चुनौती*
25 लाख रुपये जैसी बड़ी रकम की चोरी ने पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। एक ओर परिवार खुद को चोरी का शिकार बता रहा है, वहीं दूसरी ओर पुलिस बयानों में विरोधाभास को देखते हुए मामले को पूरी तरह संदिग्ध मान रही है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी हैं।
