पुलिस कस्टडी में युवक की मौत, मच गया बवाल, देचू थाने के बाहर बढ़ने लगी भीड़, जानें ताजा हालात

author
0 minutes, 0 seconds Read
Spread the love

फलौदी. फलौदी के देचू पुलिस थाने में एक युवक की पुलिस कस्टडी में संदिग्ध हालात में मौत हो जाने से वहां बवाल मच गया है. युवक पर दुष्कर्म का आरोप बताया जा रहा है. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने छोटी खिड़की से रूमाल से फांसी लगा ली. वहीं युवक के परिजनों का आरोप है कि उसकी मौत पुलिस की मारपीट से हुई है. पुलिस कस्टडी में युवक की मौत के बाद वहां लोग आक्रोशित हो गए हैं. देचू थाने के सामने भीड़ बढ़ती जा रही है. घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है.

जानकारी के अनुसार जेठानिया निवासी फूल सिंह को पुलिस दुष्कर्म केस में पूछताछ करने के लिए पकड़कर थाने लाई थी. उसके बाद गुरुवार रात को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस का कहना है कि उसने थाने के कम्प्यूटर रूप में स्थित एक छोटी खिड़की से अपने रुमाल से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. वहीं इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल हो रहा है.

भाई का आरोप- अभी तक शव नहीं दिखाया गया है
उसमें बोलने वाला व्यक्ति अपने आप को मृतक का भाई बता रहा है. ऑडियो में पुलिस पर फूल सिंह के साथ मारपीट कर हत्या करने और बाद में फांसी पर लटकाने का दावा किया जा रहा है. इस ऑडियो में बोलने वाला व्यक्ति लोगों से देचू थाने के बाहर एकत्रित होने की गुहार कर रहा है. न्यूज 18 राजस्थान इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता. फिलहाल देचू थाने के बाहर लोगों की भीड़ एकत्रित हो रही है. वहीं मृतक के भाई भोम सिंह का कहना है कि उन्हें सुबह 9 बजे इसकी सूचना दी गई जबकि घटना रात की है. भोम सिंह का कहना है कि उन्हें अभी तक भाई का शव तक नहीं दिखाया गया है.

पूरे थाना स्टाफ को सस्पेंड करने की मांग
जोधपुर रेंज आईजी विकास कुमार और फलौदी एसपी पूजा अवाना देचू पहुंच गए हैं. पुलिस के अन्य आला अधिकारी भी वहां मौजूद हैं. पुलिस ने मृतक के शव को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है. परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया है. वे पूरे थाना स्टाफ को सस्पेंड करने के साथ ही पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा करने की मांग कर रहे हैं. इसके साथ ही मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग भी की जा रही है. पुलिस अधिकारी उनसे समझाइश में जुटे हैं. लेकिन अभी तक गतिरोध बना हुआ है. थाने पर भीड़ बढ़ती देखकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर है.

 

 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *