- विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण को ले हसनपुर प्रखंड के बीएलओ को मिला टास्क

समस्तीपुर(हसनपुर):- जिले के हसनपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत आनेवाले हसनपुर प्रखंड के बीएलओ को विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य हेतु स्थानीय न्यू इंडिया शुगर मिल्स उच्च विद्यालय के परिसर में आयोजित प्रशिक्षण के दौरान टास्क दिया गया है। इस अभियान के तहत सभी बीएलओ को अपने अपने संबंधित मतदान केंद्र के मतदाताओं से मतदाता सत्यापन के लिए चुनाव आयोग द्वारा जारी प्रिंटेड गणना प्रपत्र वितरण करने के साथ साथ उनसे सभी आवश्यक दस्तावेज संकलित करने के अलावा मतदाता के सहमति के पश्चात प्रिंटेड गणना प्रपत्र प्राप्त करने को कहा गया है । इस बाबत 140 हसनपुर विधानसभा क्षेत्र की निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह भूमि सुधार उपसमाहर्ता रोसड़ा कंचन कुमारी झा ने हसनपुर प्रखंड के बीएलओ को प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग का विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान एक महत्वपूर्ण अभियान है एवं इस अभियान के तहत किए जाने वाले मतदाता सत्यापन कार्य एवं मतदाताओं से गणना प्रपत्र पर सहमति प्राप्त कर सभी आवश्यक दस्तावेज को पूरी सावधानी के साथ संकलित करना है। साथ ही पदाधिकारी ने यह भी कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार वर्ष 2003 के मतदाता सूची में जिन मतदाताओं का नाम दर्ज है उन्हें गणना प्रपत्र के साथ किसी भी प्रकार के दस्तावेज संलग्न कर नहीं दिए जाने की आवश्यकता है। वहीं वैसे मतदाता जिनका वर्ष 2003 के मतदाता सूची में नाम नहीं दर्ज है और उनका जन्म वर्ष1987 से पूर्व हुआ हो तो उन्हें चुनाव आयोग के द्वारा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत चिन्हित दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज मतदाता गणना प्रपत्र के साथ संलग्न करना अनिवार्य है।मौके पर अवर निर्वाचन पदाधिकारी रोसड़ा राजेश कुमार, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी हसनपुर मनोज कुमार, शंभू प्रसाद सहित संबंधित मतदान केंद्रों के बूथ लेवल अधिकारी(बीएलओ)मौजूद थे।
परशुराम कुमार की रिपोर्ट
