तिहाई में आदर्श स्टोन क्रेशर की मनमानी से ग्रामीण त्रस्त, पानी का छिड़काव नहीं – धूल से बढ़ा प्रदूषण
कोटर (सतना)। कोटर क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिहाई में संचालित आदर्श स्टोन क्रेशर की मनमानी से ग्रामीणों का जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आरोप है कि क्रेशर संचालक द्वारा सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं कराया जा रहा, जिससे दिन-रात दौड़ रहे भारी ट्रकों से उड़ रही धूल ने पूरे गांव को प्रदूषण की चपेट में ले लिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुबह से लेकर देर रात तक गिट्टी लदे ट्रक मुख्य मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन धूल नियंत्रण के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई है। घरों के अंदर तक धूल पहुंच रही है, जिससे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सांस संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों ने टीबी व अन्य फेफड़ों की बीमारियों का खतरा भी जताया है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि प्रदूषण विभाग की कथित मेहरबानी से ही बिना मानकों का पालन किए क्रेशर संचालन जारी है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि—
सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए।
ट्रकों को तिरपाल से ढककर परिवहन अनिवार्य किया जाए।
प्रदूषण मानकों की जांच कराई जाए।
दोषी पाए जाने पर क्रेशर संचालन पर कार्रवाई की जाए।
यदि समय रहते प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया, तो ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी है। अब देखना यह है कि संबंधित विभाग कब तक मौन रहता है और ग्रामीणों को इस समस्या से राहत कब मिलती है।
